Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 4 Nov 2021 10:30 am IST


केदार धाम में निर्माण कार्यों की सुस्ती पर कांग्रेस का हमला


 कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पांच नवंबर को केदारनाथ दौरे के दिन अपने धार्मिक आयोजन को विरोध का रंग दे दिया है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में केदारनाथ में निर्माण कार्य अवरुद्ध होने का आरोप लगाते हुए पार्टी हर जिले में 12-12 शिवालयों में जलाभिषेक करेगी। इस मौके पर भजन-कीर्तन भी होगा।

2022 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा की हर गतिविधि पर बारीकी से नजर रख रही है। मोदी के केदारनाथ दौरे और इस मौके पर भाजपा की ओर से वृहद धार्मिक कार्यक्रम ने कांग्रेस को बेचैन कर दिया है। हिंदू मतों पर भाजपा और मोदी के प्रभाव को भांपकर कांग्रेस ने भी पांच नवंबर को पूरे प्रदेश में ही धार्मिक कार्यक्रम तय कर दिया है। हालांकि इस आयोजन का रंग राजनीतिक ही रहने वाला है, पार्टी ने इसे लेकर अपना मंतव्य स्पष्ट कर दिया है।