Read in App


• Wed, 28 Feb 2024 3:49 pm IST


शौच के लिए कार से उतरे युवक पर तेंदुए का घातक हमला, घसीटते हुए ले गया 200 मीटर दूर


मौलेखाल(अल्मोड़ा)। सल्ट में शौच के लिए कार से उतरे एक युवक पर तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुआ उसे घसीटते हुए 200 मीटर दूर तक ले गया। उसके संघर्ष के साथ ही कार सवार यात्रियों और वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों के शोर मचाने से तेंदुआ उसे छोड़कर भाग गया और उसकी जान बच सकी। उसे गंभीर चोट आई है, उसका हल्द्वानी में इलाज चल रहा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत है।गैरसैंण निवासी रमेश खत्री (43) अपने परिजनों के साथ एक कार से अपने घर लौट रहा था। मंगलवार सुबह छह बजे के करीब तल्ला सल्ट के दानापानी चरीधार के पास उसने कार रोकी और शौच के लिए बाहर उतरा। तभी घात लगाए तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसे घसीटते हुए 200 मीटर दूर ले गया। दोनों के बीच कुछ मिनट तक संघर्ष चलता रहा। वहां से गुजर रहे वाहन चालकों और परिजनों के शोर मचाने के बाद तेंदुए भाग गया जिससे उसकी जान बच गई। तेंदुए ने उसके गले और शरीर में पंजों से गहरे घाव बना डाले। परिजनों ने उसे रामनगर पहुंचाया। उसे हल्द्वानी रेफर किया गया। लोग दिन दहाड़े भी अकेले घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं।