Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 14 Aug 2023 5:58 pm IST


तेंदुए के हमले में कारपेंटर घायल


अल्मोड़ा। जिले में तेंदुए के हमले की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। नगर से सटे इलाके में निर्माणाधीन भवन में छुपे तेंदुए ने दिनदहाड़े कारपेंटर पर हमला कर दिया। कई मिनट तक चले आपसी संघर्ष के बीच संयोग से उसकी जान बच गई लेकिन इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बेस अस्पताल में उसकी गर्दन, कान, सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में 25 टांके लगे। चिकित्सकों के मुताबिक उसकी हालत खतरे से बाहर है। वहीं इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत है।नगर से सटे ब्राइट एंड काॅर्नर स्थित रामकृष्ण कुटीर में भवन निर्माण का कार्य चल रहा है, जिसके ऊपरी हिस्से में बने एक कमरे में मजदूरों का डेरा है। रविवार सुबह 10 बजे के करीब कारपेंटर का कार्य करने वाला नियाजगंज निवासी सुरेंद्र सिंह (55) काम के लिए यहां पहुंचा और सामान लेने नीचे कमरे में गया।कमरे में घुसा तो उसे दूसरे कमरे से किसी जानवर के गुर्राने की आवाज सुनाई दी और वह डर के मारे बाहर निकला। जैसे ही वह आंगन में पहुंचा तो पीछे से कमरे में छुपे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुए ने उसके सिर, कान, गर्दन सहित शरीर के अन्य हिस्सों में पंजे और दांत से वार कर गहरे जख्म बना दिए। मदद के लिए लगाई आवाज सुनकर साथियों और आसपास के लोग शोर मचाते हुए घटनास्थल की ओर दौड़े तो तेंदुआ भाग गया।