Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 28 Dec 2022 3:02 pm IST


ब्रह्मताल, वेदनी, आली, आयजनटाप व भीकलताल में पर्यटकों का तांता, नए साल के के लिए तैयार चमोली


चमोली : नए साल के जश्न के लिए ब्रह्मताल, वेदनी, आली, आयजनटाप व भीकलताल में पर्यटक पहुंचने लगे हैं। वहीं पर्यटन नगरी लोहाजंग में भी गजब की रौनक है। यहां के होटल व लॉज एक माह पहले ही बुक होने से पर्यटक गांव तक पहुंच गए। सभी होटल व लॉज फुल होने के कारण अब पर्यटकों के लिए लोहाजंग में रात्रि में ठहरने के लिए कमरे नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में पर्यटक मुंदोली, वांक, देवाल बाजार में ही ठहर रहे हैं।ब्रह्मताल, वेदनी, आली, आयजनटाप व भीकलताल जाने के लिए ट्रेकिंग कंपनियों ने लोहाजंग को अपना बेस कैंप बनाया है और कंपनियों ने एक माह पहले ही लोहाजंग के लॉज एडवांस बुक कर दिए थे। मंगलवार की सुबह 200 पर्यटकों ने बेस कैंप लोहाजंग से भीकलताल के लिए प्रस्थान किया। वहीं 250 पर्यटक ब्रह्मताल में हैं।यूथ हास्टल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के भुवन बिष्ट ने बताया कि ब्रह्मताल व भीकलताल में 450 पर्यटक गए हैं। दिल्ली, कर्नाटक, महाराष्ट्र, बंगाल, मुंबई, झारखंड आदि शहरों से लगातार पर्यटक आ रहे हैं। ट्रेकिंग कंपनी इनकी व्यवस्था में लगी है। बेस कैंप लोहाजंग के सभी लॉज फुल होने पर लोग गांव में रह रहे हैं।