Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 25 Oct 2021 4:10 pm IST

जन-समस्या

विधायक हरीश धामी उपवास पर बैठे, किया प्रदर्शन


विधायक हरीश धामी ने भाजपा सरकार पर धारचूला विधानसभा क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाते हुए धरना दिया। कहा इस विस क्षेत्र के लोग आपदा से कराह रहे हैं। बावजूद इसके सरकार को उनकी कोई चिंता नहीं है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे पर्यटकों को रेस्क्यू किया जा रहा है। लेकिन स्थानीय लोगों को सुरक्षित नहीं निकाला जा रहा। क्षेत्र में सड़कें व पैदल रास्ते बंद हैं। लेकिन सरकारी मशीनरी उन्हें खोलने के लिए सजग नहीं है। सोमवार को विधायक धामी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे और धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा सीमांत जनपद में धारचूला व मुनस्यारी क्षेत्र आपदा से सबसे अधिक प्रभावित है। यहां के लोगों को आपदा ने गहरे जख्म दिए हैं। बावजूद इसके सूबे के मुखिया व भाजपा नेता केवल हवाई भ्रमण की औपचारिता निभाकर प्रभावितों का उपहास उड़ा रहे हैं। दारमा, चौदास, व्यास घाटी के साथ ही मुनस्यारी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लोग फंसे हैं। लेकिन रेस्क्यू अभियान के नाम पर केवल पर्यटकों को सुरक्षित निकाला जा रहा है। तीनों घाटियों के साथ ही तल्ला व मल्ला जोहार में सड़कें व पैदल रास्ते पूरी तरह से बंद हैं। लोग परेशान हैं। लेकिन सरकार उनकी परेशानी को अनदेखा कर केवल हवाई बातें कर रही है। थल-मुनस्यारी व जौलजीबी-मुनस्यारी सड़क बदहाल है, जिसके सुधारीकरण के प्रयास नहीं हो रहे। कहा सरकार उनकी विस के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धारचूला विस के लिए सरकार को विशेष राहत पैकेज देना चाहिए, ताकि यहां के आपदा प्रभावितों का जीवन पटरी पर लाया जा सके। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। चेतावनी देते हुए कहा जल्द प्रभावितों को राहत नहीं मिली तो उग्र आंदोलन होगा।