Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 26 Dec 2021 8:00 am IST


क्रिसमस पर गिरजाघरों में गूंजे कैरल, विश्व कल्याण की प्रार्थना


रुड़की: क्रिसमस का पर्व शिक्षानगरी में उत्साह के साथ मनाया गया। गिरिजाघरों में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन कर प्रभु यीशु मसीह के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। साथ ही विश्व के कल्याण के लिए भी आराधना की गई। कैरल टीम की ओर से भजनों के माध्यम से प्रभु यीशु मसीह की महिमा का गुणगान किया गया। कुछ लोग सेंटा क्लाज बनकर चर्च आए और बच्चों को टाफी, चाकलेट और उपहार बांटे।

क्रिसमस को लेकर इसाई समुदाय के नागरिकों के साथ ही अन्य समुदाय के व्यक्तियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। विशेषकर बच्चे और युवा अधिक उत्साहित दिखे। शहर में शेर कोठी स्थित सेंट एंड्रूज चर्च, जादूगर रोड स्थित सेंट्रल मैथोडिस्ट चर्च एवं सेक्रेड हार्ट चर्च, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान परिसर स्थित सेंट जान्स चर्च और सिविल लाइंस स्थित आरपी चर्च में सुबह विशेष प्रार्थना की गई। इस दौरान समस्त संसार में सुख और शांति बने रहने के लिए आराधना की गई। जादूगर रोड स्थित सेंट्रल मैथोडिस्ट चर्च में चर्च के पादरी शशि कपूर मसीह ने प्रभु यीशु का संदेश दिया। कहा कि जब पृथ्वी पर बहुत अधिक पाप बढ़ गए तो मानवता को उनसे छुटकारा दिलाने के लिए प्रभु यीशु ने जन्म लिया। प्रभु यीशु ने सभी को एक-दूसरे के साथ प्रेम से रहने का संदेश दिया। सेंट एंड्रूज चर्च में पादरी किशन मसीह ने क्रिसमस पर विशेष प्रार्थना करवाई।