Read in App


• Sat, 6 Jul 2024 4:19 pm IST

राजनीति

उपचुनाव जीतने के लिए भाजपा ने कसी कमर , प्रचार में उतरेंगे दिग्गज


बदरीनाथ और मंगलौर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भाजपा ने अपने प्रचार में स्टार प्रचारकों को झोंक दिया है। अगले तीन दिनों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पार्टी के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत, सह प्रभारी रेखा वर्मा से लेकर प्रदेश सरकार के मंत्री तक प्रचार के लिए कमर कस चुके हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने मंगलौर में भाजपा प्रत्याशी करतार सिंह भड़ाना के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया।बता दें कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा बदरीनाथ और मंगलौर सीट पर चुनाव हार गई थी। मंगलौर सीट पर बसपा का कब्जा था, जबकि बदरीनाथ सीट पर कांग्रेस चुनाव जीती थी। भाजपा इन दोनों सीटों के उपचुनाव को लेकर बेहद गंभीर है और पहली बार वह मंगलौर सीट पर पूरी ताकत झोंकती नजर आ रही है। पार्टी के सभी प्रमुख नेता बारी-बारी से पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करने के लिए मंगलौर और बदरीनाथ जा रहे हैं।अब जबकि दोनों सीटों पर मतदान के लिए महज पांच दिन शेष रह गए हैं, भाजपा के प्रचार में तेजी आ गई है। कल मुख्यमंत्री धामी मंगलौर में थे तो बदरीनाथ सीट के पालक अनिल बलूनी ने बदरीनाथ में प्रचार का मोर्चा संभाल रखा था। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा व पार्टी के अन्य स्टार प्रचारक दौरे कर रहे हैं।