Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 27 Mar 2023 5:16 pm IST


पिथौरागढ़ में महिलाओं ने पानी को लेकर प्रदर्शन किया


पिथौरागढ़। एंचोली विषा कॉलोनी में पानी की आपूर्ति को पेयजल योजना न होने से महिलाएं सड़क पर उतर आई हैं। महिलाओं का कहना है कि सालों से वे पानी की समस्या को लेकर आवाज उठा रही हैं, लेकिन अब तक क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। लोग हेंडपंपों और कुंओं के सहारे अपनी प्यास बुझा रहे हैं।सोमवार को नगर के टकाना स्थित कलक्ट्रेट में पूर्व सुबेदार मेजर देवकी नंदन जोशी के नेतृत्व में महिलाएं पहुंची। इस दौरान उन्होंने शासन-प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कहा कि विषा कॉलोनी में 40 से अधिक परिवार रहते हैं। लेकिन इन परिवारों की प्यास बुझाने के लिए एक पेयजल योजना तक नहीं है। पूर्व में उन्होंने इस समस्या को तत्कालीन पेयजल मंत्री के समक्ष भी रखा, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। वर्ष 2021 के दौरान उन्होंने डीएम चौहान को समस्या से अवगत कराया। तब उनकी पहल पर गांव में 50हजार लीटर क्षमता का पेयजल टैंक का निर्माण कार्य शुरू हुआ। टैंक बने छह माह से अधिक समय हो गया है, लेकिन टैंक में पानी भरने को कोई पेयजल योजना ही नहीं है। बाद में महिलाओं ने डीएम को भी ज्ञापन दिया। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में पेयजल लाइन बिछाने की मांग की है।