कंबोडिया में एक व्यक्ति मगरमच्छों के बाड़े में गिर गया, जिसके बाद सारे मगरमच्छ उस पर टूट पड़े और उसके शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर दिए।
बताया जा रहा है कि, व्यक्ति एक लकड़ी के सहारे एक मगरमच्छ को पीछे हटा रहा था। लेकिन, अचानक से मगरमच्छों के बाड़े में गिर गया, जिसके बाद उसे दर्दनाक मौत मिली। दरअसल, कंबोडिया के सिएम रीप शहर निवासी 72 साल के लुआन नाम के व्यक्ति का मगरमच्छों का एक फार्म है, जहां बड़ी संख्या में मगरमच्छ हैं।
एक मगरमच्छ ने अंडे दिए थे और लुआन नाम उस मगरमच्छ को एक छड़ी से हटाने का प्रयास कर रहे थे, इसी दौरान मगरमच्छ ने लुआन की छड़ी को मुंह में दबोचकर ऐसा झटका दिया कि लुआन अनियंत्रित होकर मगरमच्छों के बाड़े में ही गिर गए।
वहीं बाड़े में 40 मगरमच्छ मौजूद थे और लुआन के गिरते ही सारे मगरमच्छ उन पर टूट पड़े। मगरमच्छों ने लुआन के शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर दिए। लुआन के शरीर के जो टुकड़े मिले हैं, उन पर मगरमच्छों के दांतों के निशान हैं और शरीर के कुछ टुकड़े मिले भी नहीं हैं।