Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 13 Jan 2023 12:30 pm IST


उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम का कांग्रेस पर वार - " जोड़ने की बात कह रही पार्टी ने तोड़ा देश"


भीमताल (नैनीताल) : वर्तमान में देश में भाजपा ही भाजपा है और बीते आठ सालों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व में एक अलग पहचान बनाई है। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने भीमताल में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। बृहस्पतिवार को भीमताल के शीतजल मात्स्यिकी अनुसंधान निदेशालय में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने बैठक की। गौतम ने कहा कि जो कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा के साथ देश जोड़ने की बात कह रही है उसी कांग्रेस ने देश को तोड़ने का काम किया है। कहा कि पीएम के नेतृत्व में देश आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में धारा 370 हटाने के साथ ही श्रीराम मंदिर का निर्माण कार्य किया जा रहा है जिसे एक जनवरी 2024 को दर्शन के लिए खोल दिया जाएगा। कहा कि भाजपा भाषा और जाति न देखकर सबको साथ लेकर आगे बढ़ रही है। गौतम ने कहा कि कांग्रेस ने वोट के चलते भाषा और सीमा का विवाद पैदा किया है और भाजपा एक भारत-श्रेष्ठ भारत बनाना चाहती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर को मजबूत करने को कहा ताकि आगामी चुनावों में भाजपा प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करें।