Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 22 Aug 2021 6:52 am IST

राजनीति

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बोले, सैनिकों का दर्द समझती है मोदी सरकार


रायवाला (ऋषिकेश) : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश मजबूत हाथों में है और अब सुरक्षा में लगे सैनिकों को दुश्मन की गोलाबारी का जवाब देने के लिए सरकार से अनुमति की जरूरत नहीं पड़ती। फौज का मनोबल कई गुना बढ़ा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार सैनिकों का दर्द समझती है। यही वजह है कि सैनिकों और पूर्व सैनिकों के हित में कई योजनाएं शुरू की गई हैं।

शनिवार को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन रायवाला में पूर्व सैनिकों से संवाद और सम्मान समारोह में भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दीपावली हर कोई अपने घर में अपने माता-पिता, अपने भाईयों व अपने बच्चों के साथ मनाना चाहता है, लेकिन प्रधानमंत्री हर वर्ष सीमा पर सेना के जवानों के साथ दीपावली मनाते हैं। सीमा पर मोदी सरकार ने 73 आल वेदर रोड बनाई हैं। मेक इन इंडिया के तहत बुलेट प्रूफ जैकेट भारत में बन रही हैं। मोदी सरकार ने रक्षा सौदों में दलाली पूरी तरह से खत्म की है। वन रैंक, वन पेंशन की मांग वर्ष 1972 से थी, लेकिन इस पर ध्यान सिर्फ मोदी सरकार ने दिया, क्योंकि वह एक सैनिक का दर्द समझते हैं। उत्तराखंड देव भूमि के साथ वीर भूमि भी है। पूरा देश उत्तराखंड को सम्मान से देखता है।