Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 5 Dec 2022 5:10 pm IST


पार्षदों और कांग्रेस का नगर आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन


हरिद्वार : कांग्रेस पार्षदों ने नगर निगम में मेयर के साथ दुर्व्यवहार और अभद्रता का आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन किया। पार्षदों का आरोप है कि नगर आयुक्त ने मेयर के साथ दुर्व्यवहार किया है। धरने पर बैठे पार्षदों और महानगर कांग्रेस के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि नगर आयुक्त खेद प्रकट नहीं करेंगे तो कांग्रेस एक बड़े आंदोलन को बाध्य होगी। नगर निगम परिसर में धरने प्रदर्शन का संचालन पूर्व पार्षद अमन गर्ग ने किया।महानगर के कार्यकारी अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि जनता द्वारा चुनी गयी एक महिला जनप्रतिनिधि के साथ नगर आयुक्त का यह व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि पार्षदों और महानगर कांग्रेस का यह धरना मात्र शुरुआत है अगर नगर आयुक्त खेद प्रकट नहीं करते हैं तो आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। श्रमिक नेता मुरली मनोहर ने आरोप लगाया कि नगर आयुक्त और कुछ भाजपा पार्षदों की ओर से जनहित के कार्यों को अनदेखा किया जा रहा है। पार्षद राजीव भार्गव ने कहा कि नगर निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया गया और अगर इसके लिए मेयर विरोध करती हैं तो उनके सम्मान को ठेस पहुंचाई जाती है जो निंदनीय है।