Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 4 Jan 2022 4:27 pm IST


महंगाई, भ्रष्टाचार के विरोध में कांग्रेस ने भाजपा का पुतला फूंका, नारेबाजी की


अल्मोड़ा/बागेश्वर/रानीखेत। बेतहाशा बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को बांह पर काली पट्टी बांधी। अल्मोड़ा के चौघानपाटा और बागेश्वर के एसबीआई तिराहे पर भाजपा सरकार का पुतला फूंका और नारेबाजी कर विरोध जताया। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा शासन में महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार का पांच वर्ष का कार्यकाल पूरी तरह से विफल रहा। भाजपा ने पांच साल के कार्यकाल में तीन मुख्यमंत्री बदल डाले। इससे यह साबित हो गया कि भाजपा सरकार विफल रही है। लगातार बढ़ रही महंगाई से आम जनता त्रस्त है। प्रदेश का नौजवान सरकारी सेवाओं की विज्ञप्तियों का इंतजार करते थक गया है। सरकारी योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहीं हैं। पुतला फूंकने वालों में जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडेय, सेवादल जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह बिष्ट, नगर अध्यक्ष पूरन रौतेला, प्रदेश सचिव परितोष जोशी, यूथ प्रदेश प्रवक्ता वैभव पांडे, पूर्व प्रदेश सचिव रॉबिन भंडारी, संजय दुर्गापाल, पारितोष जोशी आदि रहे।