Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 28 Feb 2023 12:30 pm IST


अब मंडल स्तर पर निकलेगा जनता की परेशानियों का समाधान ? सीएम धामी ने दिए अहम निर्देश...


देहरादून/पौड़ी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंडल स्तरीय कार्यालयों में तैनात मंडलायुक्त, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल समेत सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने दफ्तरों में नियमित रूप से बैठने का रोस्टर जारी करें। उन्होंने कहा कि मंडल कार्यालयों को सशक्त बनाने के लिए मंडल स्तरीय अधिकारी कार्यालयों में अधिकारियों का बैठना जरूरी है। इससे जनसमस्याओं का समाधान मंडल स्तर पर भी हो सकेगा।मुख्यमंत्री राज्य सचिवालय में जिला पौड़ी के विकास के संबंध में समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मंडलस्तरीय अधिकारियों को यदि अति आवश्यक न हो तो निदेशालयों का अतिरिक्त प्रभार देने से बचें। मंडल मुख्यालय में संचालित विभागीय कार्यालयों में कार्यरत अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी अन्यत्र संबद्ध (अटैच) न किया जाए।उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के सफल संचालन की गढ़वाल मंडल के अधिकारियों पर बड़ी जिम्मेदारी है। यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से हों, इसकी भी मंडलायुक्त नियमित समीक्षा करें। जिन तकनीकी विभागों के अधिकारियों का कार्यक्षेत्र गढ़वाल मंडल है, उन्हें नियमित मंडल मुख्यालय में रखा जाए। मुख्यमंत्री ने यात्रियों को चारधामों के अलावा इसके आस-पास के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन आधारित क्षेत्रों की भी जानकारी दी जाए।