Read in App


• Sat, 13 Mar 2021 9:25 am IST


केवल मुख्यमंत्री बदलने से नहीं होने वाला भाजपा का भला ...मनोज द्विवेदी


हरिद्वार। आम आदमी पार्टी के संयुक्त सचिव मनोज द्विवेदी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार के बारे में जो कहा था वह सच साबित हुआ। आखिर भाजपा की राष्ट्रीय नेतृत्व ने भी यह स्वीकार किया कि उनकी सरकार प्रदेश में कोई भी कल्याणकारी कार्य नहीं कर पाई इसीलिए मुख्यमंत्री पद से त्रिवेंद्र सिंह रावत को हटाया गया, लेकिन मुख्यमंत्री बदलने से भाजपा सरकार की खराब छवि ठीक नहीं होने वाली है।

भाजपा को मुख्यमंत्री बदलने के बजाए अपनी नीतियों को बदलना चाहिए था। एक बयान में उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में जनादेश का घोर अपमान किया जा रहा है। प्रदेश की जनता निश्चित तौर पर भाजपा का सूपड़ा साफ करेगी। अनेकों बलिदानों से राज्य का गठन हुआ। शहीदों के सपनों को साकार करने में सरकार द्वारा घोर लापरवाही किया जाना बीजेपी सरकार की विफलता है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से प्रदेश की जनता त्रस्त है। किसानों की मांगों की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

कृषि कानून में बदलाव की मांग कर रहे किसानों पर तरह तरह के आरोप लगाकर आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। मनोज द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री बदलने का असर अब जनता पर नहीं होने वाला है। सरकार की जनविरोधी नीतियों से प्रदेश की जनता आजिज आ चुकी है। विकल्प के तौर पर आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता प्रदेश भर में बढ़ रही है।

आगामी विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी भाजपा को करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नौजवानों को रोजगार नहीं मिल पा रहे हैं। पलायन की समस्या को हल करने में सरकार ने कोई रूचि नहीं दिखाई है। कुंभ निर्माण कार्यो में भी जमकर बंदरबांट की जा रही है। उन्होंने कहा कि विफलताएं छुपाने के लिए मुख्यमंत्री को बदलना तर्क संगत नहीं है। प्रदेश की जनता भाजपा के चाल चरित्र को जान चुकी है। निश्चित तौर पर भाजपा को सबक सिखाने का काम प्रदेश की जनता अवश्य करेगी।