Read in App


• Wed, 17 Jul 2024 11:19 am IST


केदारनाथ की तरह यमुनोत्री में भी अगले सीजन से शुरू होगी हेली सेवा


उत्तराखंड नागरिक उड्डयन एवं विकास प्राधिकरण ने यमुनोत्री के लिए हेली सेवा शुरू करने की कवायद तेज कर दी है। केदारनाथ की भांति यमुनोत्री के लिए भी हेली सेवा अगले सीजन से शुरू होगी।पर्यटन विभाग की ओर से यमुनोत्री धाम में रोपवे के पास ही हेलीपैड का निर्माण कराया जा रहा है। हेलीपैड का निर्माण पर्यटन विभाग करवा रहा है। ऐसे में हेलीपैड बनने के बाद केदारनाथ धाम की तरह ही यमुनोत्री धाम में भी हेली सेवाओं का संचालन शुरू हो जाएगा। इस सीजन हेलीपैड का काम पूरा होने की संभावना न के बराबर है।युकाडा के अधिकारियों के मुताबिक, नई चयनित जगह पर हेलीपैड का निर्माण शुरू हो चुका है लेकिन मानसून सीजन की वजह से फिलहाल बंद है। 15 सितंबर के बाद फिर से हेलीपैड का निर्माण कार्य शुरू होगा। चूंकि चारधाम यात्रा अक्तूबर में पूरी हो जाएगी।इसलिए इस साल यमुनोत्री की हेली सेवाएं शुरू नहीं हो पाएंगी। हालांकि युकाडा के सीईओ सी रविशंकर का कहना है कि अगर इस सीजन में हेलीपैड का निर्माण पूरा हो गया तो यमुनोत्री के लिए चार्टर सेवाएं इसी सीजन में शुरू हो जाएंगी। यात्रा सीजन के बाद हेलीपैड तैयार होगा। अगले साल केदारनाथ की भांति ही टेंडर प्रक्रिया से यमुनोत्री की हेली सेवाएं भी शुरू की जाएंगी।