Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 29 Sep 2022 7:02 pm IST


गाय के गोबर से बने दीयों से रोशन होगी रामनगरी, मंत्री धर्मपाल सिंह ने की ये अपील


लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि गाय सरकार की प्राथमिकता में हैं और गोंवश को संरक्षित किया जा रहा है। विभाग की छह महीने की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्‍होंने कहा कि अयोध्या में दीपावली पर गाय के गोबर से बने एक लाख दीपक जलाए जाएंगे।

मीडियाकर्मियों से बातचीत में मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि दीपावली पर सभी लोग अपने-अपने घरों में गाय के गोबर से बने हुए नौ दीपक जलाएं। इससे गौ-वंश को अर्थव्यवस्था से जोड़ने और उसे मजबूत करने में सहायता मिलेगी।

378 गोवंश की हुई मृत्‍यु

पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश के 30 जनपदों में लंपी स्किन रोग से गोवंश प्रभावित हैं। अब तक इनके लगभग 42,810 मामले सामने आए हैं। हालांकि, इनमें से 26,300 पशु रोग मुक्त हो चुके हैं, जो औसतन 61 फीसदी है। इसके अलावा प्रदेश में 378 गोवंश की मृत्यु हुई है।

उन्‍होंने बताया कि सभी 75 जनपदों में गोवंश में टीकाकरण अभियान चलाए जा रहे हैं। इस दौरान मंत्री ने गौ-वंश के आश्रय स्थलों की जानकारी के लिए पोर्टल और मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया। उनका दावा है कि इससे आश्रय स्थलों की पूरी जानकारी मिलेगी। साथ ही उसके देख-रेख में भी मदद मिलेगी।

मदरसों के सर्वे पर दिया ये बयान

इस दौरान पशुधन एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा, मदरसों के छात्रों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए मदरसों का सर्वे कराया जा रहा है, जिससे वहां पढ़ने वाले बच्चे भी तरक्की कर सकें। सर्वे कार्य केवल गैर मान्यता प्राप्त मदरसों की सूचना संकलित किए जाने के लक्ष्‍य से कराया जा रहा है।