Read in App


• Mon, 14 Jun 2021 2:14 pm IST


छाता में ढाई साल की बच्ची को मां के हाथ से खींच ले गया तेंदुआ


पिथौरागढ़-ब्लॉक मुख्यालय से 10 किमी दूर जरमाल गांव के छाता तोक में मां का हाथ पकड़कर चल रही ढाई साल की बच्ची को तेंदुआ अपने जबड़ों में झपट ले गया। छाता तोक में नेपाल निवासी विकास बहादुर अपनी पत्नी और ढाई साल की बच्ची रिया के साथ पानी लेकर आ रहे थे। मां रिया का हाथ पकड़कर चल रही थी। दोनों घर से करीब 10 मीटर की दूरी पर थीं, जबकि विकास उनके पीछे 20 मीटर की दूरी पर थे। तभी तेंदुआ बच्ची को अपने जबड़ों में दबोच कर जंगल में भाग गया। सूचना पर वन कर्मी दीवान सिंह भी मौके पर पहुंचे। जानकारी मिलने पर वन रेंजर मनोज सनवाल टीम के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं। ग्राम प्रधान पुष्कर सिंह और सरपंच चंद्र सिंह के नेतृत्व में ग्रामीण बच्ची को ढूंढने में जुटे हैं। समाचार लिखे जाने तक बच्ची का पता नहीं चल पाया था।