Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 25 Apr 2023 3:41 pm IST


Success Story: गोवा के चर्चिल ब्रदर्स फुटबाल क्लब में दमखम दिखाएगी ऊना के किसान की ये बेटी


गुजरात में होने वाली 6वीं भारतीय राष्ट्रीय वुमन लीग में ऊना के किसान की बेटी रिया अपना दमखम दिखाएंगी।  दरअसल, ऊना की खड्ड स्थित वुमन फुटबाल अकादमी की रिया शर्मा का करार गोवा के मशहूर चर्चिल ब्रदर्स फुटबाल क्लब के साथ हुआ है। इस क्लब की तरफ से चर्चिल ब्रदर्स फुटबाल क्लब में खेलने वाली रिया शर्मा हिमाचल प्रदेश की इकलौती खिलाड़ी हैं। रिया ने अब तक चार सीनियर और तीन सब जूनियर फुटबाल  प्रतियोगिताओं में अपना हुनर दिखाया है। हरोली उपमंडल के गांव खड्ड की रहने वाली  रिया शर्मा के पेरेंट्स की आंख की रौशनी काफी कमजोर है।
काफी संघर्ष भरी लाइफ जीने को मजबूर रिया ने अपनी मेहनत और लग्न के दम पर आज इस मुकाम को हासिल किया है। रिया फुटबाल खेलने के साथ बीए फाइनल की पढ़ाई भी कर रही हैं। रिया के पिता विजय शर्मा और माता सुनीता शर्मा खेती किसानी का काम कर बच्चों को पढ़ा रहे हैं और परिवार का ख़र्च चला रहे हैं। रिया शर्मा ने काफी मेहनत कर ग्रामीण परिवेश से बाहर निकल खड्ड स्थित फुटबाल अकादमी को ज्वाइन किया और कोच दीपक शर्मा के संरक्षण में रहकर अपनी प्रतिभा को निखारा।
दीपक की ही बदौलत रिया राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी बन चुकी हैं। हाल ही रिया ने गोवा में हुए वुमन सीनियर नेशनल के हर मैच में गोल किया। इस फुटबाल कंप्टीशन में रिया ने कुल पांच गोल किए। इससे पहले कोल्हापुर (महाराष्ट्र) में जब हिमाचल की लड़कियों की टीम ने सब जूनियर में गोल्ड मेडल जीता में तब भी यह टीम में थी।