Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 3 Jan 2022 6:45 pm IST

जन-समस्या

कांग्रेस ने कहा महंगाई, बेरोजगारी की जिम्मेदार भाजपा सरकार


कांग्रेस ने महंगाई व बेरोजगारी को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा देश में महंगाई व बेरोजगारी से आम जनता त्रस्त है। रसोई गैस हजार के पार पहुंच गई है। दाल-चावल, आटा व अन्य जरूरी सामान की कीमत ऐतिहासिक रूप से बढ़ीं हैं, जिससे लोगों के लिए दो वक्त की रोटी भरपेट खाना भी मुश्किल हो गया है। बावजूद इसके भाजपा सरकार अच्छे दिनों की बात कर रही है।

सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष त्रिलोक महर के नेतृत्व में टकाना के पास एकत्र हुए और प्रदर्शन करते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार का पुतला जलाया। कार्यकर्ताओं ने कहा देश व प्रदेश में महंगाई के सभी पुराने रिकार्ड ध्वस्त हो गए हैं, जो भाजपा सरकार की देन है। रसोई गैस देश के इतिहास में पहली बार हजार के पार पहुंच गई है। गरीब लोगों के लिए रसोई गैस भराना मुश्किल हो गया है और डबल इंजन सरकार की उज्ज्वला योजना के सिलेंडर शोपीस बन गए हैं। डबल इंजन की सरकार में प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है। प्रदेश का युवा रोजगार के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।

कहा भाजपा ने प्रदेश में राजनीतिक रोटी सेंकने के लिए सीएम तो बदले। लेकिन यहां के हालातों को बदलने में सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। खाद्य तेल से लेकर दैनिक जरूरत का सामान दिन-पर-दिन महंगा होता जा रहा है, जिससे आम लोगों के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। इस जनविरोधी सरकार ने देश व प्रदेश में बेरोजगारों की फौज खड़ी करने व आम लोगों पर महंगाई की चाबुक चलाकर पूंजीपतियों को बढ़ावा देने का काम किया है। कहा देश व प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की गलत नीतियों को बखूबी समझ चुकी है। निश्चित तौर पर प्रदेश की जनता आगामी विस चुनाव में भाजपा सरकार को बाहर का रास्ता दिखाएगी।