Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 21 Jul 2022 3:05 pm IST


घर पर ही करें शरीर की आंतरिक सफाई, काम आएंगे ये असरदार तरीके


शरीर को स्वस्थ रखने के लिए बाहरी सफाई की ही तरह शरीर को अंदर से साफ करते रहना भी आवश्यक माना जाता है, इसे डिटॉक्सिफिकेशन कहा जाता है।
डिटॉक्सिफाइंग की विधि आपको बीमारी से बचाने में मदद करने के साथ शरीर के तमाम अंगों को स्वस्थ और फिट बनाए रखने में सहायक है। आप घर पर ही आसानी से कुछ उपायों को प्रयोग में लाकर शरीर से विषाक्तता को कम कर सकते हैं। आइए ऐसे ही कुछ उपायों के बारे में जानते हैं जिसका सभी लोगों को विशेष ध्यान रखना चाहिए... 

खूब पानी पीते रहें- स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं कि अगर हम सभी दिनभर खूब पानी पीते रहें तो यह शरीर के डिटॉक्सिफिकेशन का सबसे असरदार तरीका हो सकता है। पानी पीते रहने से किडनी के माध्यम से अपशिष्ट उत्पाद आसानी से बाहर आ जाते हैं जिससे उनके शरीर में जमा होने का जोखिम कम हो जाता है। पानी पीते रहने से शरीर के तापमान को नियंत्रित करने,  पाचन और पोषक तत्वों के अवशोषण में भी लाभ मिलता है। 

नींबू का सेवन- नींबू को बॉडी डिटॉक्स डाइट का मुख्य हिस्सा माना जाता है। ये एंटीऑक्सिडेंट और विटामिन-सी से भरे होते हैं, जो रोग पैदा करने वाले मुक्त कणों से लड़ने के लिए बहुत अच्छा माना जाता है। इसके अलावा, खट्टे फल का शरीर पर एक क्षारीय प्रभाव होता है, जिसका अर्थ है कि यह शरीर के पीएच संतुलन को बेहतर करने में मदद कर सकता है, जिससे प्रतिरक्षा प्रणाली को लाभ होता है।

एंटीऑक्सीडेंट और फाइबर वाली चीजों का सेवन- बॉडी डिटॉक्स के लिए उचित आहार भी आवश्यक है, इसके लिए एंटीऑक्सिडेंट्स वाली चीजों की मात्रा बढ़ाएं। एंटीऑक्सिडेंट्स आपकी कोशिकाओं को मुक्त कणों से होने वाले नुकसान से बचाते हैं। वहीं फाइबर युक्त चीजें पाचन को ठीक रखने के साथ मल-त्याग की प्रक्रिया को आसान बनाती हैं जिससे शरीर के अपशिष्टों को आसानी से बाहर निकालने में मदद मिल सकती है।