Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 4 Oct 2021 6:11 pm IST

अपराध

ऋषिकेश में प्रभात फेरी निकाल रहे नागरिकों पर हमला


आइडीपीएल स्थित कृष्णा नगर कालोनी को नगर निगम में शामिल किए जाने की मांग को लेकर काम नहीं तो वोट नहीं का नारा देते हुए प्रभात फेरी निकाल रहे स्थानीय नागरिकों पर हमला हो गया। हमलावर स्थानीय विधायक के खिलाफ नारेबाजी से आक्रोशित थे। हमले में एक व्यक्ति घायल हुआ है। पुलिस ने मामला शांत कराया। कृष्णा नगर जन संघर्ष संयुक्त समिति के बैनर तले स्थानीय नागरिक लंबे समय से कृष्णा नगर क्षेत्र को नगर निगम में शामिल किए जाने की मांग कर रहे हैं। नगर निगम की बैठक में इस क्षेत्र को निगम में शामिल करने का प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। नगर निगम की प्रथम वर्षगांठ पर तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र ङ्क्षसह रावत ने मंच से इस क्षेत्र को नगर निगम में शामिल करने की घोषणा की थी।इसके बावजूद इस मामले में कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी है। संघर्ष समिति ने मांग के समर्थन में 19 सितंबर को आंदोलन की घोषणा की थी। इसके बाद 26 सितंबर को त्रिवेणी घाट गांधी स्तंभ के तहत एक दिवसीय उपवास धरना दिया था। समिति ने प्रत्येक रविवार को प्रभात फेरी और 15 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की घोषणा की थी। रविवार की सुबह भारी संख्या में कृष्णा नगर क्षेत्र के नागरिकों ने अपने क्षेत्र में प्रभात फेरी निकाली। जिसमें उन्होंने वोट नहीं तो काम नहीं सहित स्थानीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल के खिलाफ नारेबाजी की। आंदोलनकारियों का आरोप है कि प्रभात फेरी भाजपा के मंडल अध्यक्ष के घर के पास से जा रही थी तो आंदोलनकारियों के ऊपर कुछ व्यक्तियों ने डंडों से हमला किया। हमलावर विधायक के खिलाफ नारे लगाने का विरोध कर रहे थे। संघर्ष समिति के संरक्षक डा. बीएन तिवारी ने बताया कि सोहनलाल 40 वर्ष को गुम चोट आई है, अन्य कुछ और लोग भी मामूली रूप से घायल हुए हैं।