नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम चुनाव में महिलाओं के पास एक नया इतिहास रचने का मौका है। सदन में इस बार नगर निगम के आधे से अधिक संख्या महिला पार्षदों की हो सकती है। इसका कारण है कि इस बार भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी दोनों प्रमुख राजनीतिक पार्टियों ने आधी से अधिक सीटों पर महिला प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है।
नए परिसीमन में नगर निगम में 250 सीट निर्धारित
की गई हैं। इसमें आधी यानी 125 सीट महिला प्रत्याशियों के लिए आरक्षित हैं। लेकिन, बीजेपी ने 135 तो आप ने 138 सीट पर महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। यानी
जिताऊ महिला उम्मीदवारों को राजनीतिक दलों ने जनरल सीट पर उतारने में कोई संकोच
नहीं दिखाया है।
उधर, 23 वर्षीय शिवानी
चौहान इस बार दिल्ली नगर निगम चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रही हैं। वह फैशन
डिजाइनिंग में स्नातक हैं। आप ने उन्हें कालकाजी सीट से प्रत्याशी बनाकर मैदान
में उतारा है। इसके अलावा आप की ही ओर से जनरल सीट पर चुनाव लड़ रही इंदु ने कहा कि
राजनीति में महिलाओं के लिए यह एक बड़ा बदलाव है। उन्होंने पार्टी और नेतृत्व को
टिकट देने के लिए धन्यवाद दिया।