Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 15 Nov 2022 11:00 pm IST


उत्तराखंड में बड़ी चुनौती से जूझेगी करन माहरा की छोटी टीम


प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का आकार पिछली कार्यकारिणियों की तुलना में एक-तिहाई तक सिमटने जा रहा है। क्षत्रपों के चहेतों की बड़ी फौज के स्थान पर निष्ठावान और सक्रिय कार्यकर्त्ताओं की छोटी टीम कप्तान करन माहरा की शक्ति बनेगी। उत्तराखंड राज्य बने हुए 22 वर्ष की अवधि में पहली बार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा अपनी नई टीम के रूप में यह कदम उठाने जा रहे हैं। यद्यपि इस प्रयोग के साथ दिग्गजों को साधने की चुनौती माहरा के कंधों पर रहेगी। नई टीम इस माह के अंतिम सप्ताह में अस्तित्व में आ सकती है।

प्रदेश में नए संगठन की कसरत पूरी हो चुकी है। अब केंद्रीय नेतृत्व से हरी झंडी मिलने की प्रतीक्षा की जा रही है। बीते माह नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव और अब भारत जोड़ो यात्रा के विभिन्न प्रदेशों में जोर पकड़ने से उत्तराखंड में कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के गठन का मामला लटकता जा रहा है। नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के बाद अब पार्टी के महाधिवेशन पर टकटकी लगी है।