DevBhoomi Insider Desk • Fri, 11 Mar 2022 8:30 am IST
ट्रेन के एसी कोच में सफर करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी, होली पर मिलेंगी ये भी सुविधाएं
यात्रियों को अब यात्रा के दौरान ट्रेन में कंबल और बिस्तर मिलेगा। कोरोना संक्रमण की वजह से यह सेवा बंद कर दी गई थी। रेलवे बोर्ड ने सभी क्षेत्रीय रेलवे को पत्र जारी कर तत्काल प्रभाव से इस सेवा को शुरू करने का निर्देश दिया है। ट्रेन के अंदर पर्दे लगाने पर भी रोक लगा दी गई थी। अब यात्रियों की निजता के लिए पर्दे भी लग सकेंगे।वातानुकूलित कोच में यात्रा करने वाले यात्रियों को रेलवे चादर, कंबल, तकिया और तौलिया उपलब्ध कराया जाता है। कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने पर 14 मार्च, 2020 को रेलवे ने यह सेवा बंद कर दी थी। खानपान सेवा भी बंद कर दी गई थी। उसके बाद लगभग दो माह तक ट्रेनों की आवाजाही भी बंद रही थी। चरणबद्ध तरीके से ट्रेनों की आवाजाही तो शुरू हुई, लेकिन खानपान और कंबल सेवा शुरू नहीं हुई थी। पिछले काफी समय से यात्री और कर्मचारी संगठन दोनों सेवा शुरू करने की मांग कर रहे थे। हाल ही में रेलवे बोर्ड के निर्देश पर भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम ने ट्रेनों में खानपान सेवा शुरू कर दी है।