Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 7 Oct 2021 5:06 pm IST

जन-समस्या

दूसरे दिन भी नहीं हुए गुलदार के दर्शन, शिकारी ने बदला मोर्चा


जिला मुख्यालय के निकटवर्ती गांवों में सक्रिय गुलदार के दूसरे दिन भी नहीं दिखाई दिया। सेरा पाटा में मोर्चा संभाले शिकारी को मोर्चा बदलना पड़ा है। वन विभाग अब पौण, पपदेव और बजेटी गांव की ओर फोकस बढ़ा रहा है। नैनीताल से आए शिकारी हरीश धामी पिछले दो दिन से सेरा पाटा में मोर्चा बांधे हुए हैं। लगातार दो रात तक इंतजार करने के बाद भी शिकारी को गुलदार नहीं दिखाई दिया। इसी क्षेत्र में गुलदार ने एक बालिका को अपना शिकार बना लिया था। उम्मीद की जा रही थी गुलदार इस क्षेत्र में वापस लौटेगा, लेकिन गुलदार ने अब इस क्षेत्र में सक्रियता शून्य कर दी है। इसी क्षेत्र में एक मादा गुलदार पिंजरे में कैद हो चुकी है। गुलदार नहीं दिखाई देने के बाद बुधवार को शिकारी ने अपना मोर्चा बदल दिया। उन्होंने बजेटी गांव के समीप नया मोर्चा बनाया है। दो रोज पूर्व पौण पपेदव गांव की सीमा में गुलदार दिखाई दिया था। इसके बाद वन विभाग की टीम ने अपनी गश्त का दायरा इन गांवों की ओर बढ़ा दिया है। रेंजर दिनेश जोशी की अगुवाई में टीम इस क्षेत्र में गश्त कर रही है। टीम को भी गुलदार नहीं दिखाई दे रहा है।