Read in App


• Thu, 4 Jul 2024 2:46 pm IST


आदि कैलाश यात्रा में पहली बार पहुंचे 20,000 यात्री, बढ़ी व्यापारिक गतिविधियां


दो मई से एक जुलाई तक 20,388 यात्रियों ने आदि कैलाश, ओम पर्वत की यात्रा पूरी की है। जून में 10,597 यात्रियों ने आदि कैलाश, ओम पर्वत के दर्शन किए। यह पहली बार है जब इतनी बड़ी संख्या में यात्री पिथौरागढ़ पहुंचे हैं। बरसात के बाद इतनी संख्या में और यात्रियों के पहुंचने की उम्मीद की जा रही है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश के दर्शन के लिए आने के बाद इस साल बड़ी संख्या में पर्यटकों ने आदि कैलाश और ओम पर्वत का रुख किया है। मई से ही पर्यटकों के आने का क्रम शुरू हो गया था। जून में सर्वाधिक 10,597 यात्रियों ने आदि कैलाश, ओम पर्वत के दर्शन किए। पर्यटकों की अधिक संख्या को देखते हुए प्रशासन को 15 दिन के इनर लाइन परमिट की अवधि को घटाकर चार दिन करना पड़ा था। पर्यटकों की सुविधा के लिए पिथौरागढ़ जिला अस्पताल में भी परमिट और मेडिकल प्रमाण पत्र के लिए काउंटर स्थापित किया गया है।पहली बार दो माह में 20 हजार से अधिक पर्यटकों के आने से व्यापारिक गतिविधियां भी बढ़ी हैं इससे होटल और होम स्टे संचालकों में काफी खुशी है। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र भट्ट ने बताया कि यह पहली बार हुआ जब पर्यटकों के आने से पिथौरागढ़ शहर के होटल भी पैक रहे। आगे भी पर्यटन कारोबार अच्छा चलने की उम्मीद है।

पिछले तीन दिनों से मूसलाधार बारिश के कारण सड़क बंद होने से वाहनों का संचालन नहीं हो पा रहा है। प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए इनर लाइन परमिट जारी करने बंद कर दिए हैं। धारचूला के एसडीएम मंजीत सिंह के अनुसार इस समय सड़क बंद है। सुरक्षा को देखते हुए परमिट जारी करने पर रोक लगाई गई है। मौसम ठीक होने के बाद परमिट जारी किए जाएंगे।