Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 26 Nov 2022 2:00 pm IST


चंपावत में विरोध के स्वर बुलंद, छमनियां में जिला जेल बनाने के खिलाफ ग्रामीण


लोहाघाट (चंपावत) : नगर से लगे सुंई के छमनियां में जिला जेल बनाने का ग्रामीणों, जन प्रतिनिधियों ने कड़ा विरोध शुरू कर दिया है। आक्रोशित जन प्रतिनिधियों ने जेल के विरोध में तहसील पहुंचकर एसडीएम का घेराव किया। लोगों ने जिला जेल छमनियां में बनाने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी।
शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, ग्राम प्रधान भुवन चौबे के नेतृत्व में लोग छमनियां में जिला जेल बनाने की सुगबुगाहट के बाद तहसील परिसर आ धमके। उन्होंने विरोध जताते हुए एसडीएम रिंकू बिष्ट का घेराव कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन एवं शासन की उदासीनता के कारण यह महत्वपूर्ण कार्य लंबित पड़ा हुआ है। इस स्थान पर भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल की छावनी, राजीव नवोदय विद्यालय, राजकीय पॉलीटेक्निक, केंद्रीय विद्यालय, राजकीय इंटर कालेज व प्राथमिक विद्यालय स्थित है। साथ ही इस स्थान पर कृषि अनुसंधान केंद्र व कृषि महाविद्यालय की स्थापना के लिए भूमि चयनित है। ऐसी स्थिति में इस स्थान पर जिला जेल बनाए जाने पर शिक्षण संस्थानों के साथ इस रमणीय स्थल का महत्व खत्म हो जाएगा।