Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 1 Mar 2022 5:52 pm IST

जन-समस्या

नगर पंचायत की 80 फीसदी स्ट्रीट लाइटें एक वर्ष से खराब


नगर पंचायत की 80 फीसदी स्ट्रीट लाइटें एक साल से खराब पड़ी हैं। इस कारण रात के समय नगर की गलियां पूरी तरह अंधकारमय रहती हैं। इस पर नाराजगी जताते हुए व्यापारियों ने नगर पंचायत के टैक्स लिए जाने का विरोध किया है।

सोमवार को हुई व्यापारियों की बैठक में नगर की समस्याओं पर चर्चा की गई। नगर पंचायत के मनोनीत सभासद मनीष पंत ने कहा कि नगर की प्रकाश व्यवस्था एक साल से खराब है। बाजार और रास्तों में अंधेरा छाए रहने से चोरी होने की आशंका बनी रहती है। नगर के अधिकतर कलवर्ट और नालियां बंद हैं, वार्डों में कूड़ा फैला हुआ है। लोगों को पहले सुविधा देने के बजाए नगर पंचायत लोगों से सिर्फ टैक्स ले रहा है। आम आदमी पार्टी के विधानसभा संयोजक राजेंद्र कठायत ने कहा कि नगर पंचायत का समस्याओं पर ध्यान नहीं है।

पिछले दो माह से नगर पंचायत जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र जारी नहीं कर पाया है। जब सुविधा नहीं है तो टैक्स लेने का औचित्य ही नहीं होता है। ईओ राकेश कोटिया ने बताया कि नगर की प्रकाश व्यवस्था के लिए संबंधित कंपनी को कहा गया है। जल्द से जल्द लाइट लगाई जाएंगी। यूजर चार्ज नियमावली का प्रावधान दो साल पहले लागू हो गया था मगर टैक्स नहीं लिया गया। अब इसका क्रियान्वयन किया जा रहा है।