Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 11 Nov 2022 8:30 pm IST

अंतरराष्ट्रीय

विश्वभर में 15 नवंबर को बनेगा जनसंख्या का नया रिकॉर्ड, आबादी को लेकर यूएन ने भारत को किया अलर्ट


नई दिल्ली: विश्वभर में जनसंख्या का ग्राफ लगातार तेजी से बढ़ता जा रहा है। जिसके चलते जनसंख्या विस्फोट भी अब एक बड़ी समस्या बनता जा रहा है। इस बीच वैश्विक जनसंख्या जल्द ही एक नया और अनचाहा रिकॉर्ड बनाने जा रही है। संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि इस साल 15 नवंबर को विश्व की जनसंख्या 800 करोड़ तक पहुंच जाएगी। संयुक्त राष्ट्र के अनुमान के मुताबिक 2030 में विश्व की जनसंख्या बढ़कर लगभग 850 करोड़ हो सकती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि 2050 तक जनसंख्या में अनुमानित आधे से अधिक वृद्धि केवल आठ देशों में केंद्रित होगी। हालांकि, एजेंसी ने यह भी कहा कि 1950 के बाद पहली बार 2020 में वैश्विक जनसंख्या वृद्धि एक प्रतिशत से नीचे गिर गई।

चीन को भी पीछे छोड़ेगा भारत 
संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या विस्फोट पर भारत को भी अलर्ट किया है और कहा है कि इस मामले में 2023 में चीन को पछाड़कर भारत दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश बन जाएगा। इस वर्ष 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस पर जारी संयुक्त राष्ट्र विश्व जनसंख्या संभावना 2022 में प्रक्षेपण का खुलासा किया गया था। रिपोर्ट में कहा गया है कि 2050 तक जनसंख्या में अनुमानित आधे से अधिक वृद्धि केवल आठ देशों में केंद्रित होगी जिसमें भारत भी शामिल है। इसके अलावा कांगो, मिस्र, इथियोपिया, नाइजीरिया, पाकिस्तान, फिलीपींस और तंजानिया देश सूची में हैं।

दुनिया की जनसंख्या में लगातार होगा इजाफा
संयुक्त राष्ट्र के नवीनतम अनुमानों के अनुसार विश्व की जनसंख्या में लगातार इजाफा देखने को मिलेगा। वर्ष 2030 में लगभग 850 करोड़ तो 2050 में 970 करोड़ और फिर 2080 में यह संख्या लगभग 1000 करोड़ के आंकड़े को पार कर देगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि इसके चलते जलवायु परिवर्तन के खतरे को कम करने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।