Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 1 Oct 2022 11:00 pm IST


रेप के आरोप कोतवाल पर लगाने के बाद नींद की गोलियां खाकर खुदकुशी की कोशिश, और फिर...


जसपुर के कोतवाल पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला ने 20 से भी ज्यादा नींद की गोलियां खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसे गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। काशीपुर निवासी एक महिला ने 27 सितंबर को डीजीपी अशोक कुमार से शिकायत कर जसपुर कोतवाल अशोक कुमार पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।

शिकायत के बाद जसपुर कोतवाल को निलंबित कर दिया गया था। इस मामले की जांच सीओ काशीपुर वंदना वर्मा को सौंपी गई। गुरुवार को महिला का कथित तौर पर एक वीडियो भी वायरल हुआ था। इसमें कोतवाल पर लगाए आरोपों को महिला ने वापस ले लिया था। शुक्रवार को आरोप वापस लेने के बाद महिला ने घर में रखी 20 से अधिक नींद की गोलियां खा लीं। इससे महिला की  हालत बिगड़ गई। उसने गोली खाने की सूचना अपनी मां को दी।इसके बाद मां ने अधिवक्ता संजीव आकाश को फोन कर उसको बचा लेने की अपील की। अधिवक्ता संजीव ने आईटीआई थाना क्षेत्र स्थित महिला के घर पहुंचकर उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसको हायर सेंटर रेफर कर दिया। महिला का मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर  रही है।