उत्तरकाशी : नगर में बृहस्पतिवार को जनाक्रोश रैली के दौरान हुए बवाल में पुलिस ने आठ नामजद और 200 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। नामजद लोगों में अधिकांश एक समुदाय के धार्मिक संगठन से जुड़े हैं। ये ही लोग जनाक्रोश रैली के आयोजक थे। इधर, पुलिस के लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को जिला मुख्यालय से लेकर यमुनाघाटी तक बाजार बंद रहे। मामले को लेकर जिला मुख्यालय के व्यापारियों और धार्मिक संगठन से जुड़े लोगों ने बैठक कर चार नवंबर को महापंचायत आयोजित करने का निर्णय लिया है। तब तक नगर के बाजार खुले रहेंगे।तनाव को देखते हुए बृहस्पतिवार रात को ही डीएम डॉ.मेहरबान सिंह बिष्ट ने पूरे जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर दी है। वहीं शुक्रवार को हरिद्वार, देहरादून और टिहरी से अतिरिक्त पुलिस बल जिला मुख्यालय पहुंच गया। पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में की अपील की। जिले में धारा 163 लागू होने के चलते दूसरे समुदाय के लोग शुक्रवार को मस्जिद में नमाज अदा करने नहीं पहुंचे। नउन्होंने अपने घरों में ही नमाज अदा कर शहर में अमन की दुआ मांगी। टिहरी जिले में भी कई स्थानों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों और हिंदू संगठनों ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन का पुतला फूंका।