Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 28 Dec 2022 8:00 am IST

राजनीति

अब सियासी रंग में रंगने को तैयार है राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’, मिले ये संकेत...


कांग्रेस नेताओं ने भरी प्रेस-कॉन्फ्रेंस में भाजपा के नेताओं से भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने की अपील कर डाली। जिसके बाद से सियासी कलाबाजियां शुरु हो गयी हैं। 

दरअसल, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भाजपा नेताओं के भी शामिल होने की अपील के साथ ही भारत जोड़ो यात्रा में उत्तर प्रदेश के तमाम बड़े विपक्षी दलों को यात्रा में शामिल होने के लिए भी न्योता भेजा गया है। समाजवादी पार्टी से लेकर बहुजन समाज पार्टी और सुभाषपा से लेकर राष्ट्रीय लोक दल समेत सीपीआई के नेताओं से इस यात्रा में शामिल होने की अपील की गई है। 

माना जा रहा है कि कांग्रेस एक तीर से दो निशाने कर रही है। एक तरफ अपील से उत्तर प्रदेश सभी धुर-विरोधियों को एक मंच पर लाने की कोशिश की जा रही है। तो दूसरी तरफ बीजेपी के खिलाफ निगेटिव पॉलीटिक्स का षड़यंत्र रच रही है। सियासी मामलों के जानकारों का कहना है कि, अगर ऐसा होता है तो यूपी की राजनीति में यह एक बड़ा घटनाक्रम होगा। हालांकि उसका असर चुनाव में कितना होगा, यह तो नहीं पता लेकिन कई दलों के लिए एक साथ भारत जोड़ो यात्रा के मंच पर जुड़ना नफा नुकसान का सौदा हो सकता है।

गौरतलब है कि, कांग्रेस लगातार भारत जोड़ो यात्रा में तमाम विपक्षी नेताओं को अपने साथ जोड़ने की कवायद करती आई है। कई प्रमुख विपक्षी दल और उनके नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए हैं। लेकिन इस बार कांग्रेस पार्टी ने तमाम आरोप प्रत्यारोप के बीच में भाजपा को ही कांग्रेस की भारत यात्रा में शामिल होने के लिए कह डाला।