Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 2 Sep 2023 12:21 pm IST

अपराध

राजस्थान में गांव वालों के सामने पत्नी को निर्वस्त्र घुमाया, तीन गिरफ्तार; बाकी की तलाश जारी


प्रतापगढ़: राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के धरियावाद में एक महिला को निर्वस्त्र घुमाने का मामला सामने आया, जिसमें तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस घटना में पीड़िता के पति ने ही महिला को गांव वालों के सामने एक किमी तक दौड़ाया। ये घटना 31 अगस्त की है, जिसका वीडियो शुक्रवार को वायरल हुआ तो मामले का खुलासा हुआ।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि महिला की शादी डेढ़ साल पहले ही इस गांव के युवक के साथ हुई थी। इस घटना पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि सभ्य समाज में इस तरह के अपराधियों की कोई जगह नहीं है। वहीं, महिला ने देर रात पुलिस में शिकायत की। इसके बाद FIR दर्ज की गई है। इसमें 14 लोगों के नाम हैं। पुलिस ने पति सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।


पीड़ित महिला और उसके परिवार से मिलेंगे सीएम गहलोत

इस बीच राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस घटना की निंदा की है। आयोग ने राजस्थान के डीजीपी से मामले में फौरन एक्शन लेने को कहा और पांच दिन के अंदर इस मामले में रिपोर्ट देने को कहा है। वहीं, आज सीएम गहलोत धरियावाद जाकर पीड़ित महिला और परिवार से मुलाकात करेंगे।

आरोपियों को यह खबर शुक्रवार रात ही लग गई थी कि पुलिस गिरफ्तार करने आ रही है। इसके बाद इन्होंने जंगल की ओर भागने का प्रयास किया। इससे इनके पैरों में चोटें आईं। हालांकि, पुलिस ने तीन को गिरफ्तार कर लिया। इनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छह टीमें गठित की गई हैं।

वसुंधरा राजे ने घटना की निंदा की, CM गहलोत बोले- किसी को नहीं बख्शेंगे