Read in App


• Tue, 16 Jul 2024 4:50 pm IST


बागेश्वर : खतरे की जद में गोरखुला नदी पर बना पुल, ग्रामीणों ने श्रमदान कर की मरम्मत


बागेश्वर ( कपकोट ) । तहसील के नामतीचेटाबगड़ में गोरखुला नदी के बहाव से पुल खतरे की जद में आ गया। पुल के एक अपरमेंट की दीवार खोखली हो गई थी। ग्रामीणों ने कई बार विभाग से गुहार लगाई, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। सोमवार को ग्रामीणों ने श्रमदान कर खतरे की जद में आए दीवार को ठीक कर दिया। उन्होंने विधायक तथा जिला प्रशासन से जल्द ठोस उपाय की मांग भी की है। ग्राम पंचायत नामती चेताबगड़ के गोरखुला नदी में स्थित पुल खतरे की जद में आ गया। यह पुल नामती और चेटाबगड़ तोक को आपस में जोड़ता है। इसके अलावा राजकीय इंटर कालेज व प्रार्थमिक विद्यालय, सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान सहित मां भगवती के मंदिर को जाने वाले रास्ते में स्थित है। पुल का एक हिस्सा काफी समय से नदी के कटाव के कारण टूटने के कगार पर था। शासन प्रशासन एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को ग्रामीणों द्वारा बार-बार सूचना देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। ग्रामीणों ने श्रमदान कर पुल के अपरमैंट की मरम्मत की। इस मौके पर मनोज कोश्यारी, नवीन कुमार, चरन सिंह कोश्यारी, बालक सिंह कोश्यारी, कविंद्र कोश्यारी, धन सिंह कोश्यारी , नरेन्द्र सिंह कोश्यारी, कुंदन सिंह कोश्यारी आदि शामिल रहे। मनोज ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक सुरेश गड़िया से भी इसकी शिकायत की गई है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।