Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 1 Sep 2021 7:50 am IST

राजनीति

खटीमा का जवाब श्रीनगर से देगी भाजपा, सीएम धामी समेत पार्टी के कई नेता रैली को करेंगे संबोधित


उत्तराखंड में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आने के साथ ही सियासी माहौल गर्माने लगा है। कांग्रेस तीन सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र खटीमा (ऊधमसिंहनगर) से परिवर्तन यात्रा की शुरुआत करने जा रही है तो भाजपा ने भी इसके जवाब में श्रीनगर (गढ़वाल) से जन आशीर्वाद रैलियों की श्रृंखला शुरू करने का एलान किया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल विधानसभा की श्रीनगर सीट से चुनाव लड़ते रहे हैं और पिछली बार हार गए थे। ऐसे में भाजपा की रणनीति कांग्रेस अध्यक्ष की घेराबंदी करने की है।
भाजपा के लिए विधानसभा चुनाव में वर्ष 2017 जैसा प्रदर्शन दोहराने की चुनौती है। तब पार्टी ने विधानसभा की 70 में 57 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया था। इसके साथ ही बदली परिस्थितियों में प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन में हुए नेतृत्व परिवर्तन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के कौशल की भी परीक्षा होनी है। इसे देखते हुए पार्टी ने चुनावी गतिविधियां तेज करने के साथ ही विपक्ष को हर स्तर पर पटखनी देने की रणनीति तैयार की है।