Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 3 Jan 2023 6:30 am IST


शनि देव और राहु दोष के दुष्प्रभाव को करना है कम तो मकर संक्रांति पर करें इन वस्तुओं का दान


हिंदू धर्म में मकर संक्रांति का विशेष महत्व है। पंचांग के अनुसार, सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने से मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाता है। आमतौर पर हर साल 14 जनवरी को मकर संक्रांति मनाते हैं। लेकिन इस बार पंचांग में भेद होने के कारण मकर संक्रांति 15 जनवरी को मनाई जाएगी। इस दिन स्नान और दान का विशेष महत्व है। आइए जानते हैं मकर संक्रांति पर किन वस्तुओं का दान रहता है पुण्यदायक। 

कब है मकर संक्रांति
पंचांग के अनुसार, इस साल मकर संक्रांति का पर्व रविवार को पड़ रहा है। रविवार का दिन भगवान सूर्य को समर्पित है। ऐसे में इस दिन किए गए दान का अधिक पुण्य फल मिलेगा। ज्योतिष गणना के अनुसार,सूर्य देव 14 जनवरी को रात 8 बजकर 20 मिनट पर धनु से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करेंगे। इसलिए मकर संक्रांति का मुहूर्त 15 जनवरी सुबह करीब 6 बजकर 48 मिनट से शुरू होकर शाम 5 बजकर 41 मिनट तक रहेगा। इसलिए इस साल मकर संक्रांति का पर्व 15 जनवरी को मनाया जाएगा।

करें इन वस्तुओं का दान
तिल का दान
मकर संक्रांति के दिन तिल का विशेष महत्व है। इसी कारण इस दिन को तिल संक्रांति के नाम से भी जानते हैं। इस दिन तिल का दान करने के साथ सेवन करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। तिल का दान करने को लेकर एक पौराणिक कथा है। इसके अनुसार, शनिदेव ने अपने क्रोधित पिता सूर्य देव को शांत करने के लिए काले तिल का इस्तेमाल किया था। ऐसे में सूर्यदेव ने प्रसन्न होकर उन्हें आशीर्वाद देते हुए कहा था कि वह जब मकर राशि में आएंगे, तो पूजा में तिल का इस्तेमाल करने से शनि दोष से मुक्ति मिल जाएगी।

खिचड़ी का दान
मकर संक्रांति के दिन खिचड़ी का दान करना भी शुभ माना जाता है। चावल में काली उड़द की दाल मिलाकर दान करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है। इसके साथ ही कुंडली में मौजूद शनि दोष का दुष्प्रभाव कम होता है।

गुड़ का दान
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, गुड़ का संबंध बृहस्पति देव से हैं। ऐसे में मकर संक्रांति के दिन गुड़ का दान करने से सूर्यदेव, शनिदेव के साथ गुरु बृहस्पति भी प्रसन्न होते हैं।

गर्म कपड़ों का दान
मकर संक्रांति के दौरान काफी ठंड होती है। ऐसे में जरूरतमंद को गर्म कपड़ों का दान करें। माना जाता है कि मकर संक्रांति के दिन ऊनी कपड़ों का दान करने से शनि और राहु दोष का दुष्प्रभाव कम होता है।

तेल का दान
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, इस साल रविवार के दिन मकर संक्रांति का पर्व मनाया जा रहा है। इसलिए इस दिन तेल का दान करना भी शुभ होगा। ऐसा करने से शनि की साढ़े साती और ढैय्या से मुक्ति मिल सकती है।