Read in App


• Fri, 15 Jan 2021 2:03 pm IST


किसानों के समर्थन में कांग्रेस का राजभवन कूच, पुलिस के साथ हुई नोकझोंक


देहरादून। कृषि कानून के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने आज देशव्यापी प्रदर्शन करते हुए किसान अधिकार दिवस मना रही है। राजभवन कूच किया। कांग्रेस की ओर से किसान अधिकार दिवस मनाया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव और प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने राजभवन कूच किया। बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राजीव भवन से राजभवन को कूच किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स सुरक्षा के मध्यनजर उनके साथ चलती हुई नजर आयी। जो ट्रैफिक व्यवस्था में जुटे रहे। कूच के दौरान जुलूस में उत्तराखंड के पारंपरिक वाद्य यंत्र, ढोल, दमाई, रणसिंगा आदि भी नजर आए। इधर, राजभवन कूच के दौरान हाथीबड़कला में पुलिस ने उन्हें बैरियर पर रोक लिया। पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नोकझोंक भी हुई। बाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरियर के पास से ही केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू करते हुए कृषि कानून वापस लेने की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कांग्रेसजनों का आह्वान करते हुए कहा कि मोदी राज में पूरे देश की जनता त्रस्त हो चुकी है। चाहे किसान हो, नौजवान हो, मजदूर हो, महिलाएं हों। केंद्र सरकार द्वारा देश के संविधान के विरूद्ध निर्णय लिये जा रहे हैं, जिससे पूरे देश में अराजकता एवं दहशत का माहौल व्याप्त है।