नई दिल्ली: देश के 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान शाम पांच बजे समाप्त हो गई। सोमवार को हुए मतदान में देश के कई राज्यों से क्रॉस वोटिंग की खबर सामने आईं। गुजरात में एनसीपी विधायक कांधल जडेजा, उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के विधायक व प्रसपा मुखिया शिवपाल यादव और शहजिल इस्लाम तो वहीं, ओडिशा में कांग्रेस विधायक मुकीम ने द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में वोटिंग की है।
इससे पूर्व बंगाल में क्रॉस वोटिंग रोकने के लिए बीजेपी ने पहले
विधायकों को कोलकाता में एक होटल में रखा और इसके बाद सभी विधायक एक साथ बस से
विधानसभा लाए गए। उधर, आसनसोल से टीएमसी विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने दावा किया कि
उनके पास एक धमकी भरा फोन आया था, जिसमें द्रौपदी मुर्मू को समर्थन नहीं देने पर ईडी और सीबीआइ की छापेमारी की बात कही गई है। इसके अलावा पंजाब
में अकाली दल के विधायक मनप्रीत अयाली ने राष्ट्रपति चुनाव का बायकॉट किया। उन्होंने
पार्टी के द्रौपदी मुर्मू के समर्थन देने के फैसले पर नाराजगी जताई।
21 जुलाई को आएंगे नतीजे
राष्ट्रपति चुनाव में सोमवार को कुल 4800 निर्वाचित सांसद
और विधायकों ने मतदान किया। चुनाव में एनडीए की ओर से प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू
की जीत और साथ ही देश के शीर्ष संवैधानिक पद पर पहली बार आदिवासी महिला की ताजपोशी
करीब-करीब तय है। 27 दलों के समर्थन के साथ मुर्मू का पलड़ा भारी है। वहीं, सिर्फ 14 दलों के
समर्थन के साथ विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को करीब 3.62 लाख वोट ही मिलने
की उम्मीद है। हालांकि, नतीजों का ऐलान
21 जुलाई को होगा।